अधिवक्ता का सम्मान केवल एक पेशे का सम्मान नहीं, बल्कि न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान है


दुनिया में हर तरह के लोग रहते हैं। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो अपनी अच्छाइयों का ढिंढोरा पीटने में कभी पीछे नहीं रहते। उनकी हर बात की शुरुआत भी 'मैं' से होती है और अंत भी 'मैं' पर ही होता है।"मैं ऐसा हूँ, मैं वैसा हूँ, मैं ये नहीं करता, मैं वो नहीं खाता, मैं वहाँ नहीं जाता, मैं किसी की तरह नहीं हूँ, मेरी सोच सबसे अलग है, मेरे जैसा कोई नहीं है।" ऐसे लोग अक्सर अपनी तारीफ़ खुद ही करते रहते हैं। उन्हें लगता है कि अपनी खूबियाँ बार-बार गिनाने से उनकी इज्जत और कद दूसरों की नज़रों में बढ़ जाएगा। लेकिन शायद वे यह भूल जाते हैं कि इंसान की असल पहचान उसकी ज़ुबान से नहीं, बल्कि उसके किरदार और उसके अमल से होती है। भाई! अगर तुम अच्छे हो तो तुम्हें बार-बार यह बताने की ज़रूरत क्यों पड़ती है कि तुम अच्छे हो? अगर तुम्हारा किरदार साफ़ है तो उसे साबित करने के लिए हर महफ़िल में सफाई देने की क्या ज़रूरत है? अगर तुम्हारी सोच दूसरों से बेहतर है तो उसे अपने व्यवहार में दिखाओ, अपनी बातों में नहीं। यह दुनिया किसी की कही हुई बातों से नहीं, बल्कि उसके किए हुए कामों से पहचानती है। जो इंसान सच में नेक होता है, उसे अपनी नेकी का ऐलान नहीं करना पड़ता। उसकी सादगी, उसका अख़लाक़ और उसका बर्ताव ही उसकी पहचान बन जाता है।कुछ लोग कहते फिरते हैं कि हम सबकी तरह नहीं हैं। हम यह नहीं करते, हम वहाँ नहीं जाते, हम किसी से मेलजोल नहीं रखते। मगर हक़ीक़त यह है कि दूसरों को छोटा दिखाकर कोई इंसान कभी बड़ा नहीं बन सकता। अपनी अच्छाई बताने के लिए दूसरों की बुराई करना भी कोई अच्छाई नहीं है।याद रखिए, किसी का कम खाना, किसी जगह न जाना, किसी से बात न करना या अपनी पसंद का अलग होना कोई ऐसी महानता नहीं है, जिसका हर वक्त ज़िक्र किया जाए। हर इंसान की अपनी पसंद, अपना मिज़ाज और अपनी ज़िंदगी होती है। किसी को अपने जैसा न समझना और खुद को सबसे अलग समझना, दरअसल इंसान के अंदर पैदा होने वाले घमंड की एक शक्ल है। ज़िंदगी में 'मैं' जितना कम होगा, इंसान उतना ही बड़ा होगा। क्योंकि जहाँ हर बात में 'मैं' आ जाता है, वहाँ रिश्तों में अपनापन कम और दिखावा ज़्यादा हो जाता है। एक बात हमेशा याद रखिए कि—
फूल अपनी खुशबू का कभी ऐलान नहीं करते,
नेक लोग अपनी अच्छाइयों का बखान नहीं करते।
एक और शायर ने क्या खूब कहा है कि-
झुकता वही है जिसमें जान होती है,
अकड़ तो मुर्दो की पहचान होती है...।।
आख़िर में बस इतना ही कहना चाहूँगा कि इंसान को अपनी अच्छाई पर घमंड नहीं, बल्कि शुक्र अदा करना चाहिए। क्योंकि अच्छाई कोई तमगा नहीं, बल्कि एक ज़िम्मेदारी है।अपनी पहचान खुद बनाने की कोशिश कीजिए, अपनी तारीफ़ खुद करने की नहीं। क्योंकि जो लोग वाकई क़ाबिल होते हैं, उन्हें अपनी क़ाबिलियत का शोर मचाने की ज़रूरत नहीं पड़ती। उनका किरदार ही उनकी आवाज़ बन जाता है।

महफूज़ अहमद एडवोकेट,
जिला एवं सत्र न्यायालय,
कैसरबाग लखनऊ उत्तर प्रदेश।